सड़क मरम्मत कार्य में अनियमितता का आरोप, ग्रामीणों में नाराज़गी

प्रबंध संपादक आलोक राज HF NEWS 24


दारू (हजारीबाग)। पुनाई से झरपो को जोड़ने वाली ग्रामीण सड़क के मरम्मत कार्य में भारी अनियमितता बरते जाने का आरोप सामने आया है। हाल ही में कराए गए सड़क मरम्मत कार्य की गुणवत्ता को लेकर ग्रामीणों में गहरा आक्रोश देखा जा रहा है।


ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की मरम्मत केवल औपचारिकता निभाने तक सीमित रही। जगह-जगह सड़क की सतह उखड़ने लगी है, जबकि कुछ हिस्सों में गिट्टी और डामर सही तरीके से बिछाए ही नहीं गए। मरम्मत के कुछ ही दिनों बाद सड़क फिर से जर्जर हालत में नजर आने लगी है, जिससे आवागमन में परेशानी बढ़ गई है।


स्थानीय लोगों के अनुसार इस मार्ग से प्रतिदिन बड़ी संख्या में ग्रामीण, छात्र और दोपहिया वाहन चालक आवागमन करते हैं। खराब सड़क के कारण दुर्घटना की आशंका बनी रहती है, खासकर रात के समय स्थिति और भी खतरनाक हो जाती है।


ग्रामीणों ने संबंधित विभाग और संवेदक पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते मरम्मत कार्य की गुणवत्ता की जांच नहीं की गई, तो भविष्य में सड़क पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो जाएगी।


इस संबंध में अब तक विभागीय अधिकारियों की कोई स्पष्ट प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है, लेकिन ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *