प्रबंध संपादक आलोक राज – HF NEWS 24
दारू (हजारीबाग)।दारू प्रखंड में प्रशासनिक गतिविधियों को मजबूती देने की दिशा में एक नया कदम उठाया गया है। प्रशिक्षु भारतीय प्रशासनिक सेवा अधिकारी आनंद शर्मा ने दारू प्रखंड विकास पदाधिकारी का दायित्व संभाल लिया है। पदभार ग्रहण के साथ ही उन्होंने प्रखंड कार्यालय में अधिकारियों व कर्मचारियों से परिचय प्राप्त किया और कार्यप्रणाली की जानकारी ली।
पदभार ग्रहण अवसर पर प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी राजीव आनंद ने उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट कर शुभकामनाएं दीं। इसके बाद प्रशिक्षु आईएएस आनंद शर्मा ने स्पष्ट किया कि उनका फोकस सरकार की योजनाओं को केवल कागजों तक सीमित न रखकर जमीनी स्तर पर प्रभावी रूप से लागू करना रहेगा।
उन्होंने कहा कि आगामी तीन सप्ताह के दौरान वे दारू प्रखंड के विभिन्न गांवों का भ्रमण कर विकास योजनाओं की वास्तविक स्थिति का आकलन करेंगे। विशेष रूप से मनरेगा, दीदी बाड़ी योजना एवं अन्य जनकल्याणकारी कार्यक्रमों को पारदर्शी तरीके से जरूरतमंदों तक पहुंचाने पर जोर दिया जाएगा।
आनंद शर्मा ने यह भी बताया कि यह कार्यकाल उनके प्रशासनिक प्रशिक्षण का अहम हिस्सा है, जिससे ग्रामीण व्यवस्था और स्थानीय चुनौतियों को प्रत्यक्ष रूप से समझने का अवसर मिलेगा। उन्होंने ई-गवर्नेंस को मजबूत करने तथा योजनाओं के क्रियान्वयन में तकनीक के अधिकतम उपयोग की बात कही।
मीडिया की भूमिका पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में मीडिया की जिम्मेदारी अत्यंत महत्वपूर्ण है। सही सूचना का प्रसार प्रशासन और जनता के बीच विश्वास की मजबूत कड़ी बनाता है, जिससे विकास की प्रक्रिया को गति मिलती है।
दारू प्रखंड को मिला नया प्रशासनिक नेतृत्व, प्रशिक्षु आईएएस आनंद शर्मा ने संभाली जिम्मेदारी





