✍️Alok Raj| Managing Editor | HF News 24
दारू । दारू प्रखंड में आज दिनांक 18 दिसंबर 2025 को उप विकास आयुक्त इश्तियाक अहमद ने प्रखंड कार्यालय का दौरा कर प्रखंड स्तरीय समन्वय बैठक की। बैठक का आयोजन प्रखंड कार्यालय सभागार में किया गया, जिसमें विभिन्न विभागों द्वारा संचालित विकास योजनाओं की अद्यतन स्थिति की विस्तार से समीक्षा की गई।
उप विकास आयुक्त ने विशेष रूप से मनरेगा एवं प्रधानमंत्री आवास योजना की प्रगति की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मजदूरों को समय पर रोजगार उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है तथा मजदूरी भुगतान में किसी भी प्रकार की देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। वहीं, प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत लाभुकों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर आवास निर्माण पूर्ण कराने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि विकास कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा।
बैठक के दौरान स्वास्थ्य, शिक्षा, बाल विकास, पंचायत राज, कृषि, आपूर्ति, पेयजल एवं स्वच्छता, विद्युत, मनरेगा सहित अन्य विभागों के कार्यों की भी समीक्षा की गई। उप विकास आयुक्त ने सभी विभागीय पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने, योजनाओं को धरातल पर प्रभावी ढंग से लागू करने तथा आम जनता की समस्याओं का त्वरित एवं पारदर्शी समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
इसके साथ ही उल्लास नव भारत साक्षरता कार्यक्रम के तहत दारू प्रखंड के सभी असाक्षर व्यक्तियों को शत-प्रतिशत साक्षर बनाने का निर्णय लिया गया। उप विकास आयुक्त ने इस लक्ष्य को समयबद्ध तरीके से पूरा करने का निर्देश दिया। वहीं, कल्याण विभाग द्वारा उपलब्ध कराई जाने वाली साइकिलों का वितरण भी शीघ्र कराने का आदेश दिया गया, ताकि लाभुकों को इसका समुचित लाभ मिल सके।
इस अवसर पर प्रखंड विकास पदाधिकारी हारून रशीद, अंचल अधिकारी रामबालक कुमार, शिक्षा विभाग से प्रखंड कार्यालय प्रबंधक दारू रोहित केशरी एवं सीआरपी मीनाक्षी अम्बष्ठा सहित विभिन्न विभागों के प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे। https://chat.whatsapp.com/GPVSxk0fZqiBY2yKPTZsed?mode=ems_copy_t





