रफ्तार घटाओ, सुरक्षा बढ़ाओ — दारू थाना प्रभारी इकबाल हुसैन

‘रफ्तार घटाओ, सुरक्षा बढ़ाओ’ के संदेश के साथ जिला परिवहन पदाधिकारी और एम.वी.आई ने की संयुक्त कार्रवाई, 30 चालान से ₹93,050 की वसूली
आलोक राज की रिपोर्ट
दारू (हजारीबाग): सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने और यातायात नियमों के पालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मंगलवार, 04 नवंबर 2025 को जिला परिवहन पदाधिकारी एवं मोटर यान निरीक्षक हजारीबाग के संयुक्त तत्वावधान में दारू थाना के समीप विशेष वाहन जांच अभियान चलाया गया।
यह अभियान “रफ्तार घटाओ, सुरक्षा बढ़ाओ” थीम पर चल रहे सड़क सुरक्षा सप्ताह के तहत आयोजित किया गया था। जांच के दौरान तेज रफ्तार में वाहन चलाने वाले चालकों के साथ-साथ बिना हेलमेट, बिना सीटबेल्ट, ट्रिपल राइडिंग और अन्य यातायात उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की गई।
अधिकारियों ने मौके पर ही दोषी चालकों के ऑनलाइन चालान काटे तथा उन्हें यातायात नियमों की जानकारी देते हुए काउंसलिंग भी की। इसके साथ ही सड़क सुरक्षा से जुड़े पम्पलेट और पुस्तिकाएं भी वाहन चालकों के बीच वितरित की गईं।
इस अभियान में मोटर यान निरीक्षक श्विजय गौतम, सुश्री रवीना कुमारी, जिला सड़क सुरक्षा प्रबंधक संतोष कुमार, रोड इंजीनियर एनालिस्ट शारीक इकबाल, आईटी सहायक अरविन्द कुमार एवं दारू थाना प्रभारी मोहम्मद इकबाल हुसैन मौजूद रहे।
थाना प्रभारी मोहम्मद इकबाल हुसैन की सराहनीय भूमिका इस अभियान में विशेष रूप से देखने को मिली। उन्होंने स्वयं मौके पर रहकर पूरी कार्रवाई का निरीक्षण किया और वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने की सलाह दी। स्थानीय लोगों ने भी थाना प्रभारी के इस जनहितकारी प्रयास की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि दारू थाना प्रभारी हमेशा जन-जागरूकता और सुरक्षा अभियानों में अग्रणी भूमिका निभाते हैं, जिससे क्षेत्र में यातायात व्यवस्था बेहतर हो रही है।
जांच के दौरान कुल 30 चालान किए गए, जिससे ₹93,050 की राशि वसूली गई। अधिकारियों ने बताया कि ऐसे अभियान आगे भी लगातार चलाए जाएंगे ताकि लोगों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़े और सड़क दुर्घटनाओं में कमी आए।





