
थाना प्रभारी मोहम्मद इक़बाल हुसैन की तत्परता से रोड तुरंत हुआ क्लियर
प्रबंध संपादक आलोक राज- HF NEWS 24
दारू– गुरुवार की सुबह एनएच-522 पर ठंड से बचने के लिए कम्बल में दुबके लोग अचानक तेज धमाके की आवाज़ से चौंक उठे। आवाज़ इतनी तेज़ थी कि ग्रामीण घरों से निकलकर सड़क की ओर भागे। मौके पर पहुँचकर पता चला कि पेटो चौक के पास दो वाहनों—एक कार और जेनरेटर लदा टाटा मैजिक—की जोरदार टक्कर हो गई है, जिसमें इचाक निवासी दंपति घायल हो गए।
ग्रामीणों के अनुसार, इचाक निवासी ब्रजेश कुमार सिन्हा अपनी कार (JH 01 DQ 4855) से दारू स्थित अपने मामा के घर आ रहे थे, वहीं जेनरेटर लदा टाटा मैजिक (JH 01 FR 7192) धनबाद से लातेहार की ओर जा रहा था। पेटो चौक के पास दोनों वाहनों की भिड़ंत इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
दुर्घटना में ब्रजेश कुमार और उनकी पत्नी घायल हो गए। ग्रामीणों तथा परिजनों की मदद से दोनों को तुरंत आरोग्यम अस्पताल, हजारीबाग ले जाया गया। जाँच में उनके चेहरे की हड्डी टूटने की पुष्टि हुई, जिसके बाद परिजन बेहतर इलाज के लिए उन्हें रांची ले गए।
घटना की जानकारी मिलते ही थाना प्रभारी मोहम्मद इक़बाल हुसैन अपनी टीम के साथ मौके पर पहुँचे।
स्थानीय लोगों ने बताया कि थाना प्रभारी की तेज़ कार्रवाई, सूझबूझ और ट्रैफिक कंट्रोल के कारण हाईवे पर जाम की स्थिति बनने से बच गई। क्षतिग्रस्त वाहनों को किनारे कराकर उन्होंने आवागमन को तुरंत सुचारु करवाया।
थाना प्रभारी की इस त्वरित कार्रवाई की ग्रामीणों ने प्रशंसा करते हुए कहा कि उनकी तत्परता ने सड़क पर होने वाली संभावित अव्यवस्था और लंबा जाम होने से बचा लिया।



