झारखंड राज्य स्थापना दिवस पर दारू में “रन फॉर झारखंड” का हुआ भव्य आयोजन

महेशरा +2 उच्च विद्यालय से निकली जागरूकता रैली, विकास और एकता का दिया संदेश

आलोक राज | प्रबंध संपादक | HF News 24

दारू(हजारीबाग) : झारखंड राज्य स्थापना के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में राज्य भर में चल रहे “झारखंड महोत्सव” के तहत सोमवार, 11 नवंबर को दारू प्रखंड में “रन फॉर झारखंड” कार्यक्रम का आयोजन उत्साह और जोश के साथ किया गया।

मुख्य सचिव के निर्देश के आलोक में आयोजित इस कार्यक्रम का शुभारंभ महेशरा +2 उच्च विद्यालय, महेशरा के प्रांगण से किया गया, जहाँ प्रखंड विकास पदाधिकारी हारून रशीद, अंचल अधिकारी राम बालक कुमार, थाना प्रभारी ईकबाल हुसैन, प्रखंड कार्यक्रम प्रबंधक रोहित केशरी, जिनगा पंचायत की मुखिया पिंकी देवी तथा विद्यालय के प्राचार्य ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर रन की शुरुआत की।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों, शिक्षकों, आम नागरिकों और पंचायत प्रतिनिधियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। रन फॉर झारखंड का उद्देश्य राज्य की एकता, विकास और स्वाभिमान का संदेश जन-जन तक पहुँचाना था। रैली में शामिल प्रतिभागियों ने “झारखंड हमारा, गर्व हमारा”, “स्वच्छ झारखंड, विकसित झारखंड” जैसे नारों से वातावरण को गूंजायमान कर दिया।

झारखंड स्थापना दिवस के इस अवसर पर दारू प्रखंड का “रन फॉर झारखंड” कार्यक्रम एकता, गर्व और उत्साह का प्रतीक बन गया — जिसने यह संदेश दिया कि “हम सबका सपना — सशक्त, स्वच्छ और विकसित झारखंड रखना।”

इस अवसर पर प्रखंड विकास पदाधिकारी हारून रशीद ने कहा कि झारखंड ने 25 वर्षों की यात्रा में कई उपलब्धियाँ हासिल की हैं। अब समय है कि हम सभी मिलकर एक सशक्त और समृद्ध झारखंड के निर्माण में योगदान दें। दारू अंचल अधिकारी राम बालक कुमार ने कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं में उत्साह और राज्य के प्रति गर्व की भावना जगाते हैं।
थाना प्रभारी ईकबाल हुसैन ने लोगों से आपसी भाईचारा और शांति बनाए रखने की अपील की, वहीं प्रखंड कार्यक्रम प्रबंधक रोहित केशरी ने कहा कि “रन फॉर झारखंड” जैसी पहल से नई पीढ़ी में राज्य निर्माण की भावना को और मजबूती मिलेगी।

कार्यक्रम के अंत में विद्यालय प्रांगण में सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दी गईं, जिसमें बच्चों ने झारखंड की संस्कृति, लोकगीत और परंपरा को दर्शाया।
स्थानीय ग्रामीणों ने भी इस अवसर पर प्रशासनिक पदाधिकारियों की पहल की सराहना की और कहा कि इस तरह के कार्यक्रमों से समाज में जागरूकता और विकास के प्रति विश्वास बढ़ता है।

https://chat.whatsapp.com/GPVSxk0fZqiBY2yKPTZsed?mode=ems_copy_t

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *