
प्रबंध संपादक आलोक राज HF NEWS 24
हजारीबाग : हजारीबाग जिला के टाटीझरिया प्रखंड अंतर्गत डहरभंगा ग्राम स्थित आदर्श भवन में सुनीता फाउंडेशन द्वारा संचालित आदर्श ग्राम योजना कौशल प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत ऑर्गेनिक फार्मिंग एवं मशरूम उत्पादन के एक माह के प्रशिक्षण कोर्स का सफलतापूर्वक समापन किया गया। यह प्रशिक्षण 29 जनवरी से प्रारंभ होकर एक महीने तक चला, जिसमें ग्रामीण युवाओं एवं महिलाओं को जैविक खेती और मशरूम उत्पादन की तकनीकी जानकारी प्रदान की गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलित कर किया गया। इसके उपरांत प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले सभी प्रशिक्षुओं के बीच प्रमाण पत्र का वितरण किया गया। इस अवसर पर डहरभंगा की मुखिया रेखा देवी, टाटीझरिया की मुखिया शकुंतला देवी, संस्था के सचिव शशि शेखर मिश्रा, परियोजना निर्देशक गिरिधर मिश्रा, पप्पू कुमार, शाखा प्रबंधक नेहा थापा, प्रशिक्षक ऋतिक मिश्रा, विक्रम कुमार, मालती देवी, प्रीति कुमारी, ऋतिक यादव सहित सभी प्रशिक्षु उपस्थित रहे।
संस्था के सचिव शशि शेखर मिश्रा ने अपने संबोधन में कहा कि इस प्रकार के कौशल प्रशिक्षण कार्यक्रम ग्रामीण युवाओं को आत्मनिर्भर बनने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने सभी प्रशिक्षुओं को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रशिक्षण से प्राप्त ज्ञान का उपयोग कर वे स्वरोजगार के क्षेत्र में आगे बढ़ सकते हैं।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अतिथियों ने भी प्रशिक्षुओं का उत्साहवर्धन किया और उन्हें जैविक खेती एवं मशरूम उत्पादन को आय का बेहतर माध्यम बनाने के लिए प्रेरित किया। अंत में सभी प्रतिभागियों ने सुनीता फाउंडेशन के इस प्रयास की सराहना की और भविष्य में भी इस तरह के प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करने की अपेक्षा जताई।




