झारखंडी सिनेमा की बहुप्रतीक्षित फ़िल्म “सेरेंग” कल से आइलेक्स हजारीबाग में होगी रिलीज़


HF News 24 | हजारीबाग

झारखंड की संस्कृति, आदिवासी जीवन और भावनात्मक संघर्षों को बड़े पर्दे पर उतारने वाली बहुप्रतीक्षित नागपुरी-खोरठा फ़िल्म “सेरेंग” अब दर्शकों के बीच आने को तैयार है। सालभर की कड़ी मेहनत, समर्पण और लगातार एक महीने तक चली शूटिंग के बाद बनी यह बड़े बजट की फ़िल्म कल से हजारीबाग के आइलेक्स सिनेमा में रिलीज़ होगी।

मुंडा आदिवासी परिवेश की पृष्ठभूमि पर आधारित इस फ़िल्म को झारखंडी सिनेमा जगत में “कल्ट सिनेमा” के रूप में देखा जा रहा है। फ़िल्म के प्रीमियर शो में दर्शकों की भावुक प्रतिक्रियाएँ देखने को मिलीं। कई दर्शक फ़िल्म के संवेदनशील दृश्यों से भावुक होकर रो पड़े।

फ़िल्म का निर्माण आकाश यादव, रोशन रॉबर्ट कुजूर और यतीन्द्र मिश्रा ने किया है। इसकी कहानी जमशेदपुर के वरिष्ठ साहित्यकार जयनंदन ने लिखी है, जबकि पटकथा और निर्देशन की जिम्मेदारी युवा फिल्मकार एनपीके पुरुषोत्तम ने निभाई है।

चार भाषाओं — नागपुरी, खोरठा, संथाली और हिंदी — में बनी इस फ़िल्म को U सेंसर सर्टिफिकेट प्राप्त हुआ है, जिससे इसे हर उम्र के दर्शक देख सकते हैं।


चार साल बाद बड़े पर्दे पर एनपीके की वापसी

फ़िल्म “सेरेंग” की सबसे बड़ी ताकत इसके निर्देशक एनपीके पुरुषोत्तम माने जा रहे हैं। सिमडेगा जिले से आने वाले इस युवा निर्देशक ने अपने जुनून और मेहनत के दम पर झारखंडी सिनेमा को एक नया आयाम देने का प्रयास किया है।

इससे पहले उनकी फ़िल्म “दहलीज़” मई 2022 में रिलीज़ हुई थी, जिसे दर्शकों ने काफी सराहा था और सिनेमाघरों तक खींच लाने में वह सफल रही थी। अब करीब चार साल बाद एनपीके एक बार फिर बड़े स्तर पर अपनी नई प्रस्तुति लेकर दर्शकों के बीच लौट रहे हैं।


विवेक नायक और नितेश कच्छप की दमदार अदाकारी

फ़िल्म में झारखंड के चर्चित कलाकार विवेक नायक और नितेश कच्छप मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे।

  • विवेक नायक ने सेराज अंसारी का किरदार निभाया है।
  • नितेश कच्छप ने संदीप मुंडा की भूमिका अदा की है।

दोनों कलाकारों के अभिनय की जमकर तारीफ़ हो रही है। प्रीमियर शो के दौरान दर्शकों पर इनके अभिनय का गहरा भावनात्मक असर देखने को मिला।

फ़िल्म में अन्य महत्वपूर्ण भूमिकाओं में —

  • काजल मुंडू ने आदिवासी नेता जयमंगल बड़ाईक,
  • समीर सलीब मिंज ने निरसा मुंडा,
  • तथा सलोमी तिर्की ने नगमा खातून का किरदार निभाया है।

वहीं फ़िल्म की मुख्य अभिनेत्री श्वेता प्रजापति हैं, जिनके बारे में बताया गया कि वे प्रसिद्ध कलाकार जावेद अख्तर और शबाना आज़मी की छत्रछाया में पली-बढ़ी हैं।


फ़िल्म की रिलीज़ से संबंधित जानकारी निर्देशक पुरुषोत्तम कुमार (एनपीके) ने दी। उन्होंने झारखंड के दर्शकों से सिनेमाघरों में जाकर फ़िल्म देखने और स्थानीय सिनेमा को समर्थन देने की अपील की है।


🖋️ Pankaj Hindustani | Editor-in-Chief | HF News  24

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *